दिग्विजय सिंह ने भाजपा को लिया आड़े हाथ, कहा- भगवान राम पहले भी थे और आज भी हैं…कांग्रेस राम के असली सेवक – The Viral Post
उत्तराखंड

दिग्विजय सिंह ने भाजपा को लिया आड़े हाथ, कहा- भगवान राम पहले भी थे और आज भी हैं…कांग्रेस राम के असली सेवक

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने केंद्र व उत्तराखंड की भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। कहा उत्तराखंड में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, लेकिन भाजपा इस सवाल से मुंह छिपा रही है और फिर से राम नाम का जाप करने लगी है। पांच राज्यों में चुनाव होते देख प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चाटुकार देश में ऐसा माहौल बनने की कोशिश में जुटे हैं, जैसा कि भगवान राम वर्ष 2014 के बाद ही धरती पर प्रकट हुए हो रहे हैं। भाजपाई छद्म रामभक्त हैं। भगवान राम के असली सेवक कांग्रेसी रहे हैं।

शनिवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस के घोषणा पत्र की प्रशंसा की। कहा, ‘चार धाम-चार काम, उत्तराखंडी स्वाभिमान का नारा राज्य के गौरवमयी इतिहास से जुड़ा है। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान पूरे देश ने उत्तराखंडी स्वाभिमान को देखा है’। उन्होंने मोदी सरकार पर हमला बोला। कहा पैगासस साफ्टवेयर के जरिये मोदी सरकार ने देश के करीब 14 सौ व्यक्तियों के फेसबुक व वाट्सएप अकाउंट करवाए और फिर हैक की गई आइडी से भटकाने वाले बयान लिखे गए। संसद भवन में इस बारे में कड़े विरोध के बाद भी मोदी सरकार आज तक यह नहीं बता पाई कि पैगासस से करार हुआ है, या नहीं।

उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा गरीब विरोधी है। मोदी सरकार ने पिछले सात साल में केवल पेट्रोल और डीजल के बढ़े दाम से करीब 24 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई कर ली। यह कमाई गरीबों पर खर्च की जा सकती थी, लेकिन केंद्र सरकार ने रोजमर्रा की खाद्य वस्तुओं के दाम तीन से छह गुना बढ़ा दिए। जिससे गरीब व मजदूर परिवारों को दो जून की रोटी तक नसीब नहीं हो पा रही है। मोदी सरकार ने उज्ज्वला योजना का खूब ढोल पीट पहला सिलिंडर मुफ्त दिया, जब करोड़ों की संख्या में रसोई गैस के नए उपभोक्ता बन गए तो दाम साढ़े चार सौ से सीधे नौ सौ रुपये से ऊपर कर दिए। गैस की बढ़ी कीमतों का लाभ भी चंद औद्योगिक घरानों को दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में देश की जनता से वादा किया था कि 2022 तक सभी को आवास की सुविधा मिल जाएगी। क्या आज देश में सभी जनों के सिर पर छत है। किसानों की आय दोगुनी तो हुई नहीं, लेकिन दवाई, खाद, बीज और आवश्यक वस्तुओं के दाम दोगुने से अधिक हो गए हैं।

इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ, प्रदेश प्रवक्ता मथुरादत्त जोशी, महानगर कांगे्रस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, सोशल मीडिया की प्रदेश अध्यक्ष शिल्पी अरोड़ा, गरिमा दसौनी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *